नई दिल्ली: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रमुख अभिजीत दीपके और उनके दो साथियों सौरव दास व आशुतोष रांका को दिल्ली पहुंचते ही पुलिस ने हिरासत में ले लिया। बताया जा रहा है कि तीनों को विमान से उतरने तक नहीं दिया गया और पुलिस ने विमान के अंदर पहुंचकर ही उन्हें घेर लिया। तीनों मुंबई से दिल्ली आए थे और उन्हें जंतर-मंतर पर प्रस्तावित प्रदर्शन में शामिल होना था।

हिरासत में लिए जाने के दौरान अभिजीत दीपके ने कहा कि वह डरने वाले नहीं हैं और अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाते रहेंगे। उनकी पार्टी ने मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन का आह्वान किया था।
प्रदर्शन से पहले दिल्ली में सुरक्षा सख्त
CJP के प्रस्तावित प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। खबरों के मुताबिक, पुलिस ने प्रदर्शन से पहले बड़ी संख्या में लोगों को हिरासत में लिया है। दिल्ली और आसपास के इलाकों में निषेधाज्ञा लागू किए जाने की भी जानकारी सामने आई है।
पुलिस दिल्ली से सटे सीमावर्ती इलाकों में आने-जाने वाले लोगों की जांच कर रही है। प्रदर्शनकारियों को जंतर-मंतर की ओर जाने से रोकने के लिए सुरक्षा बलों की तैनाती बढ़ाई गई है।
CEC के खिलाफ प्रदर्शन का ऐलान
अभिजीत दीपके ने CJP कार्यकर्ताओं से जंतर-मंतर पर एकत्र होने की अपील की थी। पार्टी का उद्देश्य मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विरोध दर्ज कराना था। हालांकि, प्रदर्शन शुरू होने से पहले ही पुलिस की कार्रवाई तेज हो गई, जिसके चलते कई लोगों को हिरासत में लिए जाने की खबर है।





