HomeUdhamSinghNagarदेहरादून में सरकारी शिक्षिका की संदिग्ध मौत, सचिवालय में तैनात पति समेत...

देहरादून में सरकारी शिक्षिका की संदिग्ध मौत, सचिवालय में तैनात पति समेत 3 पर हत्या का केस

Date:

देहरादून: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के डोईवाला थाना क्षेत्र में एक सरकारी शिक्षिका की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत का मामला सामने आया है। हर्रावाला स्थित दिल्ली फार्म क्षेत्र में रहने वाली नवविवाहिता सृष्टि कंडारी की मौत के बाद परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने सचिवालय में निजी सचिव के पद पर कार्यरत पति, सास और ननद के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से निष्पक्ष जांच की जा रही है।

शादी के आठ महीने बाद हुई मौत

पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, सृष्टि कंडारी की शादी नवंबर 2025 में हर्रावाला निवासी सौरभ रतूड़ी से हुई थी। सौरभ उत्तराखंड सचिवालय में निजी सचिव के पद पर कार्यरत हैं, जबकि सृष्टि सरकारी विद्यालय में शिक्षिका थीं। मृतका की मां सीमा कंडारी का आरोप है कि विवाह के बाद से ही उनकी बेटी को दहेज और अन्य पारिवारिक मुद्दों को लेकर मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। शिकायत में यह भी कहा गया है कि सृष्टि को कथित तौर पर ‘मनहूस’ कहकर अपमानित किया जाता था और लगातार मानसिक दबाव में रखा गया।

परिजनों को देर से मिली मौत की जानकारी

शिकायत के अनुसार, 28 और 29 जुलाई को परिवार की सृष्टि से फोन पर बात नहीं हो सकी। इसके बाद परिजनों ने एक परिचित को उसके ससुराल भेजा, जहां से जानकारी मिली कि उसकी तबीयत बिगड़ने पर उसे अस्पताल ले जाया गया है। जब परिवार श्रीनगर से देहरादून पहुंचा तो उन्हें पता चला कि सृष्टि की मौत हो चुकी है। परिजनों का आरोप है कि ससुराल पक्ष ने घटना की सूचना उन्हें समय पर नहीं दी।

शिकायत में लगाए गए गंभीर आरोप

मृतका की मां ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि शादी के कुछ महीने बाद सृष्टि के ससुर को हार्ट अटैक आया था। इसके बाद कथित रूप से एक पंडित की सलाह पर परिवार ने सृष्टि को अपशकुनी मानना शुरू कर दिया और उसे ‘मनहूस’ कहकर प्रताड़ित किया। शिकायत में यह भी कहा गया है कि घटना से तीन दिन पहले ससुर के निधन के बाद सृष्टि पर मानसिक दबाव और बढ़ गया था। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ये सभी आरोप शिकायतकर्ता की ओर से लगाए गए हैं, जिनकी जांच की जा रही है।

पति, सास और ननद के खिलाफ मुकदमा दर्ज

डोईवाला की क्षेत्राधिकारी (सीओ) वंदना वर्मा ने बताया कि मृतका की मां की तहरीर के आधार पर पति सौरभ रतूड़ी, सास परवीना देवी और ननद चारू के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 80(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। शिकायत में आरोप है कि तीनों ने सृष्टि को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया, जिसके चलते उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई।

पोस्टमार्टम और फोरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार

पुलिस के अनुसार, मामले की जांच सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक साक्ष्य और अन्य तकनीकी तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस परिजनों और अन्य संबंधित लोगों के बयान दर्ज कर रही है तथा मामले से जुड़े सभी तथ्यों की गहन पड़ताल की जा रही है।

Latest stories

उत्तराखंड में 19 लाख मतदाताओं को नोटिस भेजने को लेकर घमासान, आरोप-प्रत्यारोप शुरू

देहरादून: उत्तराखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision-SIR)...

लोकसभा में एंटी-पेपर लीक बिल पारित, राहुल गांधी के बयान पर सदन में हंगामा

नई दिल्ली: प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक और संगठित...

विश्व बाघ दिवस पर CM धामी का बड़ा संदेश, जानिये क्या कुछ कहा

देहरादून: विश्व बाघ दिवस के अवसर पर राजधानी देहरादून...

सौरभ जोशी फिर चर्चा में! PM मोदी की पोस्ट पर किया ऐसा कमेंट, देखते ही देखते हुआ वायरल

हल्द्वानी: देश में प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक और...