नई दिल्ली/देहरादून: सऊदी अरब से हज का पाक और मुकद्दस सफर पूरा कर उत्तराखंड के हाजी वतन लौट आए हैं। राजधानी दिल्ली स्थित इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर उनके आगमन पर भव्य इस्तकबाल किया गया। इस दौरान हाजियों के चेहरे पर खुशी और सुकून साफ झलक रहा था।

उत्तराखंड राज्य हज समिति के अध्यक्ष खतीब अहमद ने सभी हाजियों का स्वागत करते हुए उन्हें इस मुकद्दस यात्रा की मुबारकबाद दी। उन्होंने कहा कि हज इस्लाम का एक अहम स्तंभ है और हर मुसलमान की ख्वाहिश होती है कि वह इस पवित्र यात्रा को पूरा करे। हाजियों का सकुशल लौटना पूरे प्रदेश के लिए खुशी की बात है।

खतीब अहमद ने आगे कहा कि हज के दौरान हाजियों ने देश और प्रदेश की तरक्की, अमन-चैन और खुशहाली के लिए दुआएं मांगी हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि इन दुआओं से समाज में भाईचारा और सद्भाव और मजबूत होगा।
एयरपोर्ट पर मौजूद परिजनों और स्थानीय लोगों ने भी हाजियों का गर्मजोशी से स्वागत किया। फूल-मालाओं और गले मिलकर हाजियों का अभिनंदन किया गया, जिससे माहौल बेहद भावुक और खुशी से भर गया।
गौरतलब है कि हर साल बड़ी संख्या में उत्तराखंड से मुस्लिम समुदाय के लोग हज यात्रा पर जाते हैं और सुरक्षित लौटने पर उनका इस तरह स्वागत किया जाता है।





