HomeNationalरुद्रपुर: स्कूल के लिए निकलीं 3 छात्राएं अचानक हुई गायब, परिजन बेहाल,...

रुद्रपुर: स्कूल के लिए निकलीं 3 छात्राएं अचानक हुई गायब, परिजन बेहाल, इलाके में मचा हड़कंप, तलाश में जुटी पुलिस

Date:

उत्तराखंड के रुद्रपुर स्थित ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र से तीन स्कूली छात्राओं के अचानक लापता होने का मामला सामने आया है। स्कूल की छुट्टी के बाद तीनों छात्राएं घर नहीं पहुंचीं, जिससे परिजनों में हड़कंप मच गया। काफी तलाश के बावजूद कोई सुराग न मिलने पर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई है।

जानकारी के अनुसार, राजा कॉलोनी निवासी एक व्यक्ति ने ट्रांजिट कैंप कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि उनकी 14 वर्षीय बेटी 22 मई की सुबह अपनी दो सहेलियों के साथ स्कूल गई थी। तीनों छात्राएं ट्रांजिट कैंप क्षेत्र के एक निजी स्कूल में कक्षा आठ में पढ़ती हैं। सुबह करीब 11 बजे स्कूल की छुट्टी होने के बाद तीनों बिना किसी को बताए कहीं चली गईं और घर नहीं लौटीं।

परिजनों ने बताया कि जब बच्चियां काफी देर तक घर नहीं पहुंचीं, तो उन्होंने अपने स्तर पर रिश्तेदारों, दोस्तों और आसपास के इलाकों में उनकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। इसके बाद उन्होंने पुलिस से मदद की गुहार लगाई।

लापता छात्राओं की उम्र क्रमशः 14, 13 और 11 वर्ष बताई जा रही है। घटना के समय तीनों छात्राएं स्कूल यूनिफॉर्म में थीं, जिसमें लाल और क्रीम रंग की चेक शर्ट तथा क्रीम रंग की पैंट शामिल है।

मामले में ट्रांजिट कैंप कोतवाली के उप निरीक्षक महेश कांडपाल ने बताया कि परिजनों की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और संभावित स्थानों पर टीमों को भेजकर छात्राओं की तलाश कर रही है।

पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि यदि किसी को इन छात्राओं के संबंध में कोई जानकारी मिले तो तत्काल ट्रांजिट कैंप थाना पुलिस को सूचित करें, ताकि बच्चियों को सुरक्षित बरामद किया जा सके।

Latest stories

सिम खरीदते वक्त सावधान रहें, कहीं आपसे तो नहीं लिए जा रहे कई बार फिंगरप्रिंट?

हैदराबाद: हैदराबाद सिटी साइबर क्राइम पुलिस ने फर्जी सिम...