खटीमा: उत्तराखंड के खटीमा में रामलीला मंचन के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। कांजाबाग मार्ग स्थित प्राचीन श्री सिद्धेश्वर शिव मंदिर में आयोजित रामलीला में खर्दूषण का किरदार निभा रहे 22 वर्षीय कलाकार अमित जोशी गंभीर रूप से घायल हो गए। युद्ध के दृश्य में अभिनय करते समय उनके हाथ में मौजूद तलवार की नोक उनकी गर्दन में घुस गई, जिससे उनकी गर्दन और जीभ पर गंभीर चोटें आईं। हादसे के बाद रामलीला स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। घायल कलाकार को उपचार के लिए आनंद हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों के अनुसार अब उनकी हालत खतरे से बाहर है।

जानकारी के अनुसार, श्री सिद्धेश्वर शिव मंदिर में पिछले कई वर्षों से रामलीला का मंचन किया जा रहा है। रामलीला के दौरान सूर्पणखा की नाक कटने के बाद क्रोधित खर्दूषण भगवान श्रीराम से युद्ध करने पहुंचता है। इसी युद्ध के दृश्य में बाण लगने पर खर्दूषण की भूमिका निभा रहे अमित जोशी गिरने का अभिनय कर रहे थे। इसी दौरान उनके हाथ में मौजूद तलवार की नोक उनकी गर्दन में अंदर तक घुस गई। हादसे में उनकी गर्दन के साथ जीभ भी कट गई।
घटना इतनी अचानक हुई कि शुरुआत में दर्शकों को लगा कि यह रामलीला के दृश्य का ही हिस्सा है। हालांकि, कुछ ही सेकंड में वास्तविक स्थिति सामने आने के बाद मंच पर मौजूद कलाकारों और दर्शकों में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में घायल अमित को खटीमा के सरकारी अस्पताल ले जाया गया। वहां से उन्हें बेहतर उपचार के लिए आनंद हॉस्पिटल रेफर कर दिया गया।

आनंद हॉस्पिटल में डॉ. कुलदीप सिंह और डॉ. अखिलेश गुप्ता सहित चिकित्सकों की टीम ने घायल कलाकार का उपचार किया। चिकित्सकों के अनुसार, अमित अब खतरे से बाहर हैं। हालांकि, गंभीर चोटों को देखते हुए उन्हें कई दिनों तक आराम करने की सलाह दी गई है।
रामलीला कमेटी के अध्यक्ष प्रेम प्रकाश जोशी ने बताया कि अमित जोशी बेहतर अभिनय करते हैं। रामलीला के मंचन के दौरान हुआ यह हादसा अप्रत्याशित था, जिससे कमेटी के सभी सदस्य चिंतित हो गए। उन्होंने बताया कि हादसे के बावजूद रामलीला कमेटी ने मंचन जारी रखने का निर्णय लिया है।





