किच्छा स्थित वरिष्ठ भाजपा नेता संजीव कुमार सिंह के कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रदेश सरकार के चार साल पूरे होने पर उपलब्धियों को विस्तार से प्रस्तुत किया गया। इस दौरान उन्होंने कहा कि उत्तराखंड ने बीते चार वर्षों में विकास की नई ऊंचाइयों को छुआ है और यह कार्यकाल “चार साल बेमिसाल” रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश में कई महत्वपूर्ण योजनाएं और कानून लागू किए गए हैं। इनमें समान नागरिक संहिता (UCC) और नकल विरोधी कानून जैसे बड़े फैसले शामिल हैं, जो प्रदेश की दिशा और दशा बदलने में महत्वपूर्ण साबित हो रहे हैं।
संजीव कुमार सिंह ने बताया कि “लखपति दीदी योजना” के तहत करीब 2.5 लाख महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाकर उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त किया गया है। वहीं युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए प्रधानमंत्री रोजगार योजनाओं और स्वरोजगार योजनाओं को तेजी से लागू किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में योग नीति लागू की गई है और अवैध कब्जों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए हजारों एकड़ भूमि को मुक्त कराया गया है। इसके साथ ही सैनिकों के सम्मान में परमवीर चक्र और अन्य वीरता पुरस्कार विजेताओं के परिजनों के लिए अनुग्रह राशि बढ़ाने जैसे कदम भी उठाए गए हैं।
स्वास्थ्य सेवाओं का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि अटल आयुष्मान योजना के तहत प्रदेश में हजारों करोड़ रुपये खर्च कर लोगों को मुफ्त इलाज की सुविधा दी जा रही है, जिससे आम जनता को बड़ी राहत मिली है।
इसके अलावा शहीद आंदोलनकारियों के आश्रितों की पेंशन 3000 रुपये से बढ़ाकर 5500 रुपये की गई है। “युवा आपदा मित्र योजना” के तहत 20 हजार से अधिक युवाओं को प्रशिक्षण देकर आपदा के समय उनकी भूमिका को मजबूत किया गया है।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना के तहत 33 हजार से अधिक लाभार्थियों को सहायता प्रदान कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने का काम किया गया है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के अंत में उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार विकास, रोजगार और जनकल्याण के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है और आने वाले समय में भी इसी दिशा में कार्य जारी रहेगा।





