मेरठ। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लिए आज का दिन ऐतिहासिक माना जा रहा है। प्रधानमंत्री Narendra Modi मेरठ में ‘नमो भारत’ (रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम) और मेरठ मेट्रो का उद्घाटन करेंगे। शताब्दी नगर स्टेशन से हरी झंडी दिखाने के बाद वे मेरठ दक्षिण तक यात्रा भी करेंगे और मोहिउद्दीनपुर में आयोजित जनसभा को संबोधित करेंगे।

इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री Yogi Adityanath और राज्यपाल Anandiben Patel भी मौजूद रहेंगे। मुख्यमंत्री निर्धारित समय पर प्रधानमंत्री का स्वागत करेंगे।
82 किलोमीटर का रूट, 55 मिनट में दिल्ली-Meerut सफर
‘नमो भारत’ ट्रेन सराय काले खां (दिल्ली) से मेरठ के मोदीपुरम तक 82 किलोमीटर का सफर तय करेगी, जिसे अब लगभग 55 मिनट में पूरा किया जा सकेगा। इस कॉरिडोर का करीब 70 किमी हिस्सा एलिवेटेड और 12 किमी भूमिगत है। मेरठ मेट्रो 23 किमी के शहरी कॉरिडोर पर 120 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से संचालित होगी।
देश में पहली बार एक ही इंफ्रास्ट्रक्चर पर सेमी हाईस्पीड ‘नमो भारत’ और शहरी मेट्रो सेवा साथ संचालित होंगी। मेरठ मेट्रो की डिजाइन स्पीड 135 किमी प्रति घंटा निर्धारित की गई है।
मेरठ में 13 स्टेशन, 4 पर नमो भारत का ठहराव
मेरठ मेट्रो के कुल 13 स्टेशन हैं—मेरठ दक्षिण, परतापुर, रिठानी, शताब्दी नगर, ब्रह्मपुरी, मेरठ सेंट्रल, भैसाली, बेगमपुल, एमईएस कॉलोनी, डौरली, मेरठ उत्तर, मोदीपुरम और मोदीपुरम डिपो।
इनमें मेरठ दक्षिण, शताब्दी नगर, बेगमपुल और मोदीपुरम स्टेशन पर ‘नमो भारत’ का भी ठहराव होगा।
आधुनिक सुविधाओं से लैस मेट्रो
तीन कोच वाली मेरठ मेट्रो में 173 सीटों की क्षमता है और 700 से अधिक यात्री सफर कर सकेंगे। ट्रेन में सीसीटीवी, इमरजेंसी अलार्म, ऑटोमेटिक डोर, मोबाइल चार्जिंग, डिस्प्ले स्क्रीन और सुरक्षा की उन्नत व्यवस्था दी गई है।
व्यापक सुरक्षा और यातायात डायवर्जन
प्रधानमंत्री की जनसभा के लिए 36 एकड़ में तीन पंडाल तैयार किए गए हैं। सुरक्षा के मद्देनजर एसपीजी कमांडो, बुलेटप्रूफ वाहन, जैमर और एंबुलेंस तैनात हैं। क्षेत्र को नो-फ्लाई जोन घोषित किया गया है और कई मार्गों पर यातायात डायवर्जन लागू है।
आज के उद्घाटन के साथ मेरठ और दिल्ली के बीच आवागमन तेज, सुरक्षित और आधुनिक होने जा रहा है, जिससे पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लाखों लोगों को सीधा लाभ मिलेगा।





