उधम सिंह नगर। उत्तराखंड में बढ़ते मानव-वन्यजीव संघर्ष के बीच एक और दर्दनाक घटना सामने आई है। जसपुर क्षेत्र के तीर्थनगर गांव में बाघ के हमले में 15 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, तीर्थनगर निवासी अमरीक सिंह उर्फ बब्बू (15), पुत्र छिंदर सिंह, शनिवार को घर के बाहर पशुओं को चारा डाल रहा था। इसी दौरान घात लगाए बैठे बाघ ने अचानक उस पर हमला कर दिया। हमला इतना तेज और घातक था कि किशोर को बचाव का मौका नहीं मिल सका।
शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक बाघ उसे मार चुका था। अमरीक सिंह आठवीं कक्षा का छात्र था और परिवार का होनहार बच्चा बताया जा रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और क्षेत्र का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बाघ को पकड़ने के लिए इलाके में गश्त बढ़ा दी है। साथ ही पिंजरे लगाने और निगरानी तेज करने की तैयारी की जा रही है।





