उत्तराखंड के रेल यात्रियों के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है। प्रदेश को जल्द ही एक और वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन की सौगात मिलने जा रही है। यह नई ट्रेन काठगोदाम (नैनीताल) से दिल्ली के बीच चलाई जाएगी। रेलवे प्रशासन की तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं।

यह पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल की पहली वंदे भारत एक्सप्रेस होगी। वर्तमान में उत्तराखंड में दो वंदे भारत ट्रेनें चल रही हैं — एक देहरादून से आनंद विहार टर्मिनल (दिल्ली) और दूसरी देहरादून से लखनऊ के बीच।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, काठगोदाम-नई दिल्ली वंदे भारत एक्सप्रेस सप्ताह में छह दिन संचालित की जाएगी। हालांकि, काठगोदाम स्टेशन की सिंगल पिटलाइन इसके संचालन में चुनौती बन सकती है, क्योंकि यहां पहले से ही छह से अधिक ट्रेनों की मेंटेनेंस होती है। इस कारण वंदे भारत की मेंटेनेंस दिल्ली में करने की योजना पर विचार चल रहा है।
तेज रफ्तार पर दौड़ेगी ट्रेन
काठगोदाम से रामपुर (चरमवुआ) तक करीब 90 किलोमीटर का विशेष ट्रैक तैयार किया गया है, जो सेमी हाई-स्पीड ट्रेनों के लिए डिज़ाइन किया गया है। पुराने 20-30 मीटर स्लीपरों की जगह अब 200–250 मीटर लंबे आधुनिक ट्रैक सेक्शन बिछाए गए हैं। साथ ही, पटरियों को मजबूत फेंसिंग और सुरक्षा मानकों से लैस किया गया है, ताकि ट्रेन 160 किमी/घंटा की रफ्तार से सुरक्षित रूप से दौड़ सके।
प्रस्तावित नई ट्रेनों की सूची
रेलवे ने कुल 22 नई ट्रेनों का प्रस्ताव तैयार किया है, जिनमें शामिल हैं —
-
काठगोदाम–नई दिल्ली वंदे भारत एक्सप्रेस
-
रामनगर–उदयपुर सिटी एक्सप्रेस
-
लालकुआं–द्वारका ट्रेन
-
इज्जतनगर–चंडीगढ़ वंदे भारत
-
इज्जतनगर–माता वैष्णो देवी कटरा एक्सप्रेस
इज्जतनगर मंडल के सीनियर डीसीएम संजीव शर्मा ने बताया कि काठगोदाम से दिल्ली वंदे भारत सहित 11 जोड़ी नई ट्रेनों का प्रस्ताव रेलवे बोर्ड को भेजा गया है। स्वीकृति मिलते ही इनके संचालन की तारीखों की घोषणा कर दी जाएगी।





