काशीपुर में एक नाबालिग छात्रा से छेड़खानी का मामला सामने आया है। आरोप है कि मनचले युवक की हरकतों से परेशान छात्रा ने स्कूल जाना तक छोड़ दिया है। परिजनों ने पुलिस से कई बार शिकायत की, लेकिन कार्रवाई न होने से निराश होकर उन्होंने मुख्यमंत्री को पत्र भेज न्याय नहीं मिलने पर आत्मदाह करने की चेतावनी दी है।

आईटीआई थाना क्षेत्र निवासी महिला ने सीएम को भेजे पत्र में बताया कि उनकी बेटी सरकारी कॉलेज में नौवीं कक्षा में पढ़ती है। स्कूल आते-जाते समय कॉलोनी का युवक उस पर फब्तियां कसता है और अश्लील हरकतें करता है। डर और दबाव के चलते छात्रा ने स्कूल जाना बंद कर दिया। परिवार ने उसकी सुरक्षा को देखते हुए उसे रिश्तेदारी में भेजा, लेकिन आरोपी वहां भी अलग-अलग नंबरों से फोन कर धमकाने लगा।
परिवार का कहना है कि जुलाई में आईटीआई थाना पुलिस को तहरीर दी गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। सोमवार को पीड़ित परिवार ने नगर निगम में महापौर दीपक बाली से मुलाकात कर न्याय की गुहार लगाई। महापौर ने भरोसा दिलाया कि पुलिस के उच्च अधिकारियों से वार्ता कर आरोपी पर सख्त कार्रवाई कराई जाएगी।
इस मामले पर सीओ काशीपुर दीपक सिंह ने कहा कि प्रकरण अभी संज्ञान में नहीं आया है। शिकायत की जांच कर आरोपियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी। साथ ही यह भी जांच की जाएगी कि थाने में रिपोर्ट क्यों दर्ज नहीं की गई।





