सऊदी अरब में पुलिस और अपराधियों के बीच हुई गोलीबारी में झारखंड के गिरिडीह निवासी 27 वर्षीय इंजीनियर विजय कुमार महतो की मौत हो गई। विजय सऊदी अरब में ह्युंडई इंजीनियरिंग एंड कंस्ट्रक्शन कंपनी के साथ काम कर रहे थे।

इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, यह घटना 15 अक्टूबर को जेद्दाह में हुई। विजय अपने वर्कसाइट के पास टहल रहे थे, तभी पुलिस और स्थानीय एक्सटॉर्शन गैंग के बीच गोलीबारी शुरू हो गई। इस दौरान विजय को गलती से गोली लग गई। गंभीर रूप से घायल होने पर उन्होंने अपनी पत्नी को वॉइस नोट भेजकर मदद मांगी थी, जिसमें उन्होंने कहा था कि उन्हें गोली लगी है और वे बचाव की गुहार लगा रहे हैं।
विजय झारखंड के गिरिडीह जिले के डुमरी ब्लॉक के दुधापानिया गांव के रहने वाले थे। वे करीब एक साल पहले ट्रांसमिशन लाइन प्रोजेक्ट पर काम करने सऊदी अरब गए थे। गोली लगने के बाद उन्हें स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। परिवार को उनकी मृत्यु की सूचना 24 अक्टूबर को मिली।
परिवार के अनुसार, विजय के दो छोटे बेटे हैं — एक 5 साल का और दूसरा 3 साल का। घर में पत्नी और माता-पिता हैं। झारखंड श्रम विभाग के स्टेट माइग्रेंट कंट्रोल सेल की प्रमुख शिखा लक्रा ने बताया कि 31 अक्टूबर से उनका शव भारत लाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
रियाद स्थित भारतीय दूतावास ने पुष्टि की है कि घटना जेद्दाह में हुई थी। फिलहाल शव मक्का के जुमुम स्थित पब्लिक प्रॉसिक्यूशन ऑफिस की कस्टडी में है। जांच पूरी होने और पुलिस क्लियरेंस मिलने के बाद ही शव भारत भेजा जा सकेगा।
वहीं, विजय के परिवार ने कहा है कि जब तक कंपनी मुआवजे पर सहमति नहीं देती, तब तक वे शव भारत लाने की औपचारिकताएं पूरी नहीं करेंगे। परिवार ने भारत सरकार से भी हस्तक्षेप की मांग की है ताकि उन्हें न्याय और उचित मुआवजा मिल सके।





