देहरादून: परेड ग्राउंड में स्रोत महोत्सव 2025 का रंगारंग आगाज हो गया है। यह सांस्कृतिक महोत्सव 7 अक्टूबर से 13 अक्टूबर तक चलेगा, जिसमें देशभर के सौ से अधिक कारीगर, कलाकार और स्वयं सहायता समूह अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। महोत्सव का उद्घाटन प्रसिद्ध फिल्म अभिनेता पंकज त्रिपाठी ने मुख्य अतिथि के रूप में किया।
![]()
उद्घाटन अवसर पर पंकज त्रिपाठी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वोकल फॉर लोकल अभियान को आगे बढ़ाने की अपील की। उन्होंने कहा कि आज की आवश्यकता है कि मशीनों से नहीं, बल्कि हाथ से बने उत्पादों को अपनाया जाए और उनका उपयोग किया जाए। अभिनेता ने लोगों से हस्तशिल्प और लोक शिल्प को बढ़ावा देने की बात कही, ताकि कारीगरों के कौशल और उनके काम को नई पहचान मिले।
उद्घाटन के बाद जौनसारी गीतों ने श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया, जबकि राजस्थान के लोक संगीत उस्ताद पद्मश्री अनवर खान की प्रस्तुति महोत्सव की मुख्य आकर्षण रही।
तारा जोशी फाउंडेशन की सचिव किरन जोशी ने बताया कि पूरे सप्ताह लोग लोक और फ्यूजन संगीत, जैसे रूहान भारद्वाज, विक्की चौहान, भक्त चरण सिंह चौधरी के साथ-साथ पहाड़ी ढोल दमाऊ की पारंपरिक शैली का आनंद ले सकेंगे। युवाओं और विद्यार्थियों के लिए मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता, वैदिक गणित और ओपन माइक पोएट्री पर कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी।
इसके अलावा महोत्सव में हथकरघा, जनजातीय शिल्प, आभूषण, मिट्टी के बर्तन और गृह सज्जा के सामान का भव्य प्रदर्शन भी किया जाएगा। उत्सव के माहौल को और रंगीन बनाने के लिए गरबा और डांडिया नाइट्स का आयोजन किया जाएगा।
महोत्सव का भव्य समापन समारोह 13 अक्टूबर को होगा, जिसमें गीता धामी महिला सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता पर अपने विचार साझा करेंगी। इस दौरान देशभर से आए कारीगरों और पैनलिस्टों का अभिनंदन भी किया जाएगा।





