उत्तर प्रदेश के जौनपुर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां जिला महिला अस्पताल में भर्ती एक गर्भवती महिला शमा परवीन ने ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर पर धर्म के आधार पर भेदभाव करने का गंभीर आरोप लगाया है। शमा का कहना है कि डॉक्टर ने मुस्लिम होने के कारण उनका इलाज करने से इनकार कर दिया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिसके बाद अस्पताल प्रशासन में हड़कंप मच गया और तुरंत जांच के आदेश दे दिए गए हैं।

क्या है पूरा मामला?
दरअसल, जौनपुर के चंदवक क्षेत्र की रहने वाली 27 वर्षीय शमा परवीन को 30 सितंबर की रात करीब 9:30 बजे प्रसव पीड़ा (लेबर पेन) शुरू हुई, जिसके बाद उन्हें जिला महिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
शमा ने आरोप लगाया कि ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर ने उनका चेकअप करने से मना कर दिया, साथ ही एक और मुस्लिम महिला मरीज को भी देखने से इनकार कर दिया।
शमा का दावा है कि डॉक्टर ने स्टाफ से कहा, “इसको ऑपरेशन थिएटर में मत ले जाना, मैं नहीं देखूंगी.”
वाइरल विडिओ
UP: जौनपुर के चंदवक थाना क्षेत्र का मामला. शमा परवीन को मंगलवार शाम अचानक प्रसव पीड़ा हुई. परिजन आनन–फानन में उसे जिला महिला अस्पताल लेकर पहुंचे.
शमा परवीन को भर्ती भी कर लिया गया, लेकिन परिजनों का आरोप है कि कई घंटों तक बेड पर तड़पती रही, बावजूद इसके ड्यूटी पर तैनात महिला… pic.twitter.com/Xa6sHK9DKG
— NDTV India (@ndtvindia) October 3, 2025
पति ने लगाए गंभीर आरोप
शमा के पति मोहम्मद नवाज ने भी डॉक्टर के रवैये पर सवाल उठाए। उनका कहना है कि डॉक्टर ने कहा, “महिला मुसलमान है, इसे कहीं और ले जाओ, हम इलाज नहीं करेंगे।”
नवाज ने बताया कि उसी वार्ड में भर्ती अन्य मरीजों का इलाज किया गया, लेकिन दो मुस्लिम महिलाओं को अनदेखा कर दिया गया।
प्रशासन ने शुरू की जांच
वीडियो वायरल होने के बाद अस्पताल प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लिया है।
मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (सीएमएस) महेंद्र गुप्ता ने कहा कि शिकायत की पुष्टि हो चुकी है और संबंधित डॉक्टर व स्टाफ से जवाब मांगा गया है।
उन्होंने बताया कि फिलहाल मामले की विस्तृत जांच जारी है और रिपोर्ट आने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।





