32 छात्राओं के यौन शोषण के आरोपी स्वयंभू स्वामी चैतन्यानंद को दिल्ली पुलिस ने रविवार तड़के आगरा के ताजगंज स्थित एक होटल से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि वह पिछले कई दिनों से आगरा में ठिकाने बदल-बदलकर रह रहा था।

जानकारी के अनुसार, शनिवार शाम 4 बजे चैतन्यानंद एक व्यक्ति के साथ होटल द फर्स्ट पहुंचा और स्वामी पार्थ सारथी के नाम से कमरा नंबर 101 में ठहरा। देर रात करीब 3.30 बजे दो पुलिसकर्मी होटल पहुंचे, रजिस्टर की जांच की और सीधे उसके कमरे में जाकर उसे दबोच लिया। होटल स्टाफ के अनुसार, उसके कमरे में कोई मिलने नहीं आया था और केवल रेस्टोरेंट से खाना मंगवाया गया था।
चैतन्यानंद पर छात्राओं ने गंभीर आरोप लगाए हैं कि वह हॉस्टल के बाथरूम में कैमरे लगाकर गुप्त रूप से रिकॉर्डिंग करता था और विदेश यात्रा का लालच देकर उन्हें बरगलाता था। इस बीच, दिल्ली की एक अदालत ने वित्तीय अनियमितताओं से जुड़े एक मामले में उसकी अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी है। यह मामला श्रृंगेरी शारदा पीठम और उससे जुड़े प्रबंधन संस्थान के धन के गबन से जुड़ा है। पुलिस का कहना है कि लंबे समय से उसकी तलाश की जा रही थी और आखिरकार लो-बजट होटल से उसे गिरफ्तार किया गया।





