उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार शाम राजकीय दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता, उपचार की गुणवत्ता और समग्र व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान सीएम धामी ने मरीजों और उनके परिजनों से मुलाकात कर अस्पताल की सुविधाओं का फीडबैक लिया। मरीजों से सीधे संवाद कर उन्होंने उपचार की गुणवत्ता का आकलन किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत करने के प्रयासों के तहत मुख्यमंत्री ने अस्पताल प्रशासन को तीमारदारों के लिए प्रतीक्षालय में पेयजल, पंखे और पर्याप्त बैठने की सुव्यवस्थित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने जोर दिया कि तीमारदार अस्पताल व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं और उन्हें मानसिक रूप से सहज रखने के लिए बुनियादी सुविधाएं मिलनी चाहिए।
सीएम धामी ने अस्पताल परिसर की साफ-सफाई, नियमित सैनिटाइजेशन, रंग-रोगन और रखरखाव का कार्य तत्काल शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अस्पताल केवल उपचार का स्थान नहीं, बल्कि मरीजों और उनके परिजनों को भावनात्मक और शारीरिक संबल प्रदान करने का केंद्र भी है।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि मरीजों और उनके तीमारदारों का आराम और सम्मान राज्य सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकारी अस्पतालों में सर्वोत्तम स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करने के लिए हरसंभव कदम उठाए जा रहे हैं।





