रुद्रपुर में कांग्रेस के संगठन सृजन कार्यक्रम के तहत केंद्रीय नेतृत्व द्वारा भेजे गए पर्यवेक्षक डॉ. नरेश कुमार ने महानगर अध्यक्ष पद के 10 दावेदारों से अलग-अलग मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने दावेदारों से संगठन को मजबूत बनाने की उनकी कार्ययोजना जानी और नेतृत्व क्षमता का आकलन किया।
![]()
शुक्रवार को डॉ. कुमार ने एक होटल में दावेदारों को व्यक्तिगत रूप से बुलाया। दावेदारों में संजय जुनेजा, सीपी शर्मा, योगेश चौहान, अनिल शर्मा, मोहन खेड़ा, ममता रानी, विजय यादव, सुनील आर्य सहित कुल 10 लोग शामिल थे। उन्होंने संगठन को मजबूत बनाने के लिए किए गए कार्यों और अपने विजन के बारे में जानकारी दी। साथ ही, संगठन में गुटबाजी खत्म करने के लिए उठाए जाने वाले कदम का भी जिक्र किया।
इस प्रक्रिया के बाद नगर कांग्रेस कमेटी ने पर्यवेक्षक को स्मृति चिन्ह देकर उन्हें दिल्ली के लिए विदा किया। डॉ. कुमार ने बताया कि 10 दावेदारों से एक-एक कर मुलाकात कर उनकी नेतृत्व क्षमता और संगठन को मजबूत करने के दृष्टिकोण का आकलन किया गया।
पर्यवेक्षक छह सदस्यीय पैनल तैयार करेंगे और 14 सितंबर को अपनी रिपोर्ट केंद्रीय नेतृत्व को सौंपेंगे। रिपोर्ट के बाद ही तय होगा कि महानगर अध्यक्ष का पद किसके जिम्मे आएगा। उनका कहना है कि पूरी कोशिश रहेगी कि रुद्रपुर को सशक्त और प्रखर नेतृत्व प्राप्त हो।





