टिहरी गढ़वाल: उत्तराखंड के टिहरी जिले में परिवहन विभाग की चेकिंग के दौरान एक बड़ा नियम उल्लंघन सामने आया है। भद्रकाली चेक पोस्ट पर हरियाणा नंबर की एक बस को भारी ओवरलोडिंग के साथ पकड़ा गया, जिसमें तय क्षमता से कहीं अधिक यात्री सफर कर रहे थे।

जानकारी के अनुसार, 42 सीटर बस में 60 से ज्यादा यात्रियों को ठूंस-ठूंस कर बैठाया गया था। बस के अंदर हालात इतने खराब थे कि खड़े होने तक की जगह नहीं बची थी। यात्रियों को सीटों के अलावा गियर बॉक्स और अन्य खाली स्थानों पर बैठाया गया था, जिसे देखकर अधिकारी भी हैरान रह गए।
इस दौरान मौके का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें बस के अंदर की भीड़भाड़ साफ देखी जा सकती है। यात्रियों की सुरक्षा को नजरअंदाज कर इस तरह ओवरलोडिंग करना गंभीर चिंता का विषय बन गया है।
चेक पोस्टों की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
हरियाणा नंबर की बस के टिहरी तक पहुंचने के बाद अन्य राज्यों और रास्ते में पड़ने वाले चेक पोस्टों की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। लोग यह जानना चाह रहे हैं कि इतनी ओवरलोड बस बिना किसी कार्रवाई के पहाड़ी क्षेत्र तक कैसे पहुंच गई।
विशेषज्ञों का कहना है कि पहाड़ी रास्तों पर ओवरलोड वाहन चलाना बेहद खतरनाक है। इससे ब्रेक फेल, संतुलन बिगड़ने और बड़े सड़क हादसों का खतरा कई गुना बढ़ जाता है।
परिवहन विभाग की कार्रवाई
परिवहन विभाग की एआरटीओ प्रवर्तन अधिकारी रश्मि पंत ने बताया कि भद्रकाली चेक पोस्ट पर एआरटीओ ऋषिकेश की टीम ने बस को रोका और जांच की। जांच में ओवरलोडिंग की पुष्टि होने के बाद बस पर करीब ₹15,500 का चालान किया गया।
24 घंटे चल रही सघन चेकिंग
परिवहन विभाग के अनुसार, टिहरी जिले के ब्रह्मपुरी, भद्रकाली और सत्य नारायण मंदिर के पास स्थित चेक पोस्टों पर 24 घंटे वाहनों की सघन जांच की जा रही है। इस दौरान ग्रीन कार्ड, फिटनेस, ड्राइविंग लाइसेंस और अन्य जरूरी दस्तावेजों की जांच के साथ-साथ ओवरलोडिंग पर भी सख्त निगरानी रखी जा रही है।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि यात्रियों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर भारी जुर्माना व कानूनी कार्रवाई की जाएगी।





