खटीमा (उत्तराखंड): मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने खटीमा दौरे के दौरान बिरिया मझोला क्षेत्र में आयोजित ग्रामीण क्रिकेट टूर्नामेंट में शिरकत कर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। नशा मुक्ति और जागरूकता के उद्देश्य से आयोजित इस टूर्नामेंट की मुख्यमंत्री ने सराहना की और युवाओं से खेल को जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की। इस अवसर पर सीएम धामी ने बल्ला थामकर अपने खेल कौशल का प्रदर्शन भी किया, जिससे वहां मौजूद युवा खिलाड़ी खासे उत्साहित नजर आए।

अपने निर्धारित कार्यक्रम के तहत मुख्यमंत्री धामी चंपावत से शाम को अपने गृह क्षेत्र खटीमा पहुंचे। इसके बाद उन्होंने खटीमा महाविद्यालय में आयोजित विंटर कार्निवाल में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया। छात्र संघ द्वारा पहली बार आयोजित इस आयोजन को मुख्यमंत्री ने एक सराहनीय पहल बताते हुए छात्र संघ के सभी सदस्यों को उनके कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं।
इसके पश्चात मुख्यमंत्री धामी बिरिया मझोला पहुंचे, जहां स्वर्गीय मनीष चंद की स्मृति में आयोजित नशा मुक्ति क्रिकेट टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले का शुभारंभ किया गया। इस दौरान स्वर्गीय मनीष चंद की माता हरकेश चंद ने मुख्यमंत्री का तिलक लगाकर और पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार खेलों के विकास को लेकर लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने बताया कि हाल ही में उत्तराखंड में राष्ट्रीय खेलों का सफल आयोजन किया गया, जबकि प्रदेश के आठ प्रमुख शहरों में आठ खेल अकादमियों की स्थापना की जा रही है, जहां करीब एक हजार खिलाड़ियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। नई खेल नीति के तहत प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के अवसर मिलेंगे और आर्थिक कारणों से कोई भी प्रतिभा पीछे नहीं रहेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में अपार खेल प्रतिभाएं मौजूद हैं, जिन्हें सही मंच और अवसर मिलने पर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिल सकती है। इसके बाद सीएम धामी ने खटीमा महाविद्यालय में आयोजित विंटर कार्निवाल में पुनः सहभागिता कर सांस्कृतिक और आध्यात्मिक गतिविधियों की सराहना की और छात्र-छात्राओं का उत्साह बढ़ाया।





