प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में भाजपा की कोर कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक 14 फरवरी को देहरादून में आयोजित की जाएगी। बैठक की अध्यक्षता भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा करेंगे। कोर कमेटी की घोषणा एक-दो दिनों के भीतर किए जाने की संभावना है।

भाजपा कोर कमेटी की यह बैठक विधानसभा चुनाव की दृष्टि से बेहद अहम मानी जा रही है। बैठक में राज्य से जुड़े बड़े राजनीतिक मुद्दों पर रणनीतिक मंथन होगा, जिसमें संभावित गठबंधन, प्रमुख चुनावी अभियानों की दिशा और संगठनात्मक प्राथमिकताएं शामिल हैं। चुनाव से पहले सीटवार रणनीति, संभावित उम्मीदवारों के चयन की रूपरेखा, प्रचार के प्रमुख मुद्दे और मजबूत व कमजोर क्षेत्रों की पहचान पर चर्चा की जाएगी।
इसके साथ ही जिला, मंडल और बूथ स्तर तक संगठन की स्थिति की समीक्षा की जाएगी। बैठक में यह भी आकलन होगा कि किन क्षेत्रों में संगठन मजबूत है और कहां सुधार की जरूरत है। सरकार के कामकाज और संगठन के बीच बेहतर तालमेल को लेकर दिशा-निर्देश तय किए जाएंगे। मंत्रियों और संगठन पदाधिकारियों की भूमिकाओं पर भी विस्तार से विचार होगा।
चुनावी रणनीति के तहत यह भी तय किया जाएगा कि राष्ट्रीय और राज्य सरकार की उपलब्धियों को आम जनता तक किस तरह प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाए। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने बताया कि कोर कमेटी की घोषणा जल्द की जाएगी, जिसके बाद जेपी नड्डा की अध्यक्षता में बैठक आयोजित होगी।
पहला सर्वे पूरा, रिपोर्ट कोर कमेटी के सामने रखी जाएगी
भाजपा का पहला राज्य स्तरीय सर्वे पूरा हो चुका है। इस सर्वे से मिले फीडबैक के आधार पर पार्टी अपनी चुनावी रणनीति को और मजबूत करेगी। महेंद्र भट्ट ने बताया कि सर्वे रिपोर्ट पर विचार के बाद दूसरे चरण का सर्वे शुरू कराया जाएगा। इसके अलावा केंद्रीय नेतृत्व की ओर से भी अलग सर्वे कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि अंततः सभी प्रयासों का लक्ष्य चुनाव जीतना है।
विधायक और मंत्री अपनी सीट से ही करें तैयारी
मीडिया से बातचीत में प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने साफ किया कि विधायक हो या मंत्री, सभी को अपनी मौजूदा विधानसभा सीट से ही आगामी चुनाव की तैयारी करनी होगी। संगठन ने इस विषय पर अपना रुख स्पष्ट कर दिया है और चुनाव से पहले किसी को सीट बदलने का मौका नहीं दिया जाएगा। उल्लेखनीय है कि इस रणनीतिक रुख को लेकर पहले ही मीडिया में रिपोर्ट प्रकाशित हो चुकी है।





