देहरादून: उत्तराखंड के विकासनगर क्षेत्र में कश्मीरी शॉल विक्रेताओं के साथ हुई मारपीट की घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया है। पीड़ित युवक कश्मीर के रहने वाले हैं और फेरी लगाकर शॉल व अन्य कपड़े बेचने के लिए विकासनगर आए हुए थे।

जानकारी के अनुसार, दोनों कश्मीरी युवक डाकपत्थर रोड स्थित एक दुकान से सामान खरीदने गए थे। इसी दौरान दुकान पर मौजूद लोगों के साथ उनका विवाद हो गया, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। पीड़ितों का आरोप है कि विवाद के दौरान उनके साथ धार्मिक और जातिगत टिप्पणियां की गईं तथा विरोध करने पर उन पर जानलेवा हमला किया गया।
इस घटना में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके शरीर पर चोटों के स्पष्ट निशान हैं, जबकि एक युवक के हाथ में फ्रैक्चर और सिर में गंभीर चोट बताई जा रही है। घायल युवक को प्राथमिक उपचार के बाद दून अस्पताल रेफर किया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लोग विकासनगर बाजार चौकी पर एकत्र हो गए। मुस्लिम समाज के लोगों ने घायल युवकों को लेकर चौकी का घेराव किया और नारेबाजी करते हुए आरोप लगाया कि राज्य में धर्म के आधार पर लगातार उत्पीड़न की घटनाएं सामने आ रही हैं। पुलिस द्वारा सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बाद प्रदर्शन शांत हुआ।
पीड़ितों के रिश्तेदार अब्दुल राशिद महीर ने बताया कि कश्मीरी व्यापारी हर वर्ष नवंबर से मार्च के बीच उत्तराखंड में कपड़े बेचने आते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इस बार धर्म और पहचान के आधार पर युवकों को निशाना बनाया गया।
पुलिस ने पीड़ितों की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। विकासनगर कोतवाली के एसएसआई शिशुपाल राणा ने बताया कि दानिश पुत्र मोहम्मद यासीन, निवासी करलपुर (जम्मू-कश्मीर), हाल निवासी पांवटा साहिब की शिकायत पर मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले में आरोपी संजय यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
इस घटना को लेकर जम्मू-कश्मीर स्टूडेंट्स एसोसिएशन ने भी कड़ी प्रतिक्रिया दी है। संगठन के प्रवक्ता नासिर खुएहामी ने इसे दिल दहला देने वाली घटना बताते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से तत्काल हस्तक्षेप और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि हिंसा और नफरत को सामान्य नहीं बनने दिया जाना चाहिए और ऐसी घटनाओं पर कठोर कदम उठाए जाने जरूरी हैं।
गौरतलब है कि इससे पहले भी दिसंबर 2025 में उधम सिंह नगर के काशीपुर क्षेत्र में एक कश्मीरी शॉल विक्रेता के साथ मारपीट की घटना सामने आ चुकी है, जिस पर पुलिस ने कार्रवाई का भरोसा दिलाया था।





